Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को नई उड़ान: सीएम योगी ने 45 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए संचालित होने वाली 45 इलेक्ट्रिक बसों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने नए नोएडा बस डिपो का भी उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र की परिवहन सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

सेक्टर-90 बस डिपो से होगा संचालन

नई इलेक्ट्रिक बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगी। अधिकारियों के अनुसार, कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा तैयार किया गया है, जिनमें 10 डबल-डेकर बसें भी शामिल हैं। इनका संचालन नोएडा के सेक्टर-90 स्थित बस डिपो से किया जाएगा।

15 जून से शुरू होगी सेवा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 15 जून से शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बढ़ने वाली यात्री संख्या और फ्लाइट सेवाओं की जरूरतों को देखते हुए भविष्य में 500 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए टाटा मोटर्स और अशोक लीलैंड के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा यमुना प्राधिकरण की ओर से तीन हाइड्रोजन बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

‘नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल रही है’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर जिले को विकास के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश के नए अवसर पैदा हुए हैं, जिससे उत्तर प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है।

प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा एयरपोर्ट नेटवर्क

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे एयरपोर्ट नेटवर्क का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर और जेवर जैसे शहर आज अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शुरू हो चुका है, जबकि जेवर का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति का नया केंद्र बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर परिवहन और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश को देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close