UPPSC में 15 हजार भर्तियों का ऐलान: सीएम योगी बोले – पारदर्शी प्रक्रिया से युवाओं को मिलेगा मौका

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि इस साल Uttar Pradesh Public Service Commission के जरिए 15 हजार खाली पदों पर भर्ती की जाएगी। रविवार को दिए गए अपने बयान में उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार पिछले 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है और इस मामले में देश में एक रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस आगे भी युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार देने पर रहेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी या धांधली को रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया गया है। इस कानून के तहत दोषियों को उम्रकैद तक की सजा और संपत्ति जब्त करने जैसे कड़े प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी सख्ती का नतीजा है कि अब तक की भर्तियां पारदर्शी तरीके से पूरी हो सकी हैं। वहीं, पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले राज्य की व्यवस्थाएं बदहाल थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार और भेदभाव के कारण प्रदेश की स्थिति खराब हो गई थी, लेकिन उनकी सरकार ने इसमें सुधार लाने का काम किया है।







