Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की हालत पर सस्पेंस, जानें कहां चल रहा है इलाज

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह सार्वजनिक रूप से अब तक नजर नहीं आए हैं और उनकी तबीयत खराब बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उनका इलाज कोम में चल रहा है। ब्रिटिश अखबार ‘द टाइम्स’ की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 56 वर्षीय मुज्तबा खामेनेई बेहोशी की हालत में हैं और उनका इलाज जारी है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में अमेरिका और इजरायल के हमलों में मुज्तबा खामेनेई घायल हो गए थे। इसी हमले में उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। यह पहली बार है जब नए सुप्रीम लीडर के ठिकाने को लेकर इस तरह की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि मौजूदा हालात के चलते मुज्तबा खामेनेई शासन से जुड़े अहम फैसलों में हिस्सा लेने की स्थिति में नहीं हैं। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि यह जानकारी अमेरिकी और इजरायली खुफिया एजेंसियों से जुड़ी हो सकती है, जिसे खाड़ी देशों के साथ साझा किया गया है। इस बीच कोम में अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां भी चल रही हैं। कोम शिया इस्लाम का प्रमुख धार्मिक केंद्र माना जाता है। यहां एक बड़े मकबरे के निर्माण की भी चर्चा है, जिसमें परिवार के अन्य सदस्यों को भी दफनाया जा सकता है।

रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि मुज्तबा खामेनेई की हालत गंभीर हो सकती है। हालांकि वाशिंगटन और तेहरान की ओर से इन दावों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद से मुज्तबा खामेनेई न तो सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं और न ही उनकी कोई ऑडियो सामने आई है। हालांकि सरकारी मीडिया में उनके नाम से बयान जारी किए जा रहे हैं, जिससे उनकी स्थिति को लेकर सवाल और बढ़ गए हैं। इस बीच तेहरान की ओर से उनका एक एआई-जनरेटेड वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें उन्हें वॉर रूम में दिखाया गया है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में उनके कोमा में होने का दावा किया गया है, जबकि अन्य में कहा गया है कि उन्हें फ्रैक्चर और चेहरे पर चोटें आई हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close