चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय के बाहर ग्रेनेड धमाका, कोई हताहत नहीं, वीडियो वायरल, जांच में जुटी एजेंसियां

चडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय के बाहर बुधवार शाम करीब पांच बजे ग्रेनेड से हमला किया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन धमाके से आसपास खड़ी एक स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गई और एक कार के शीशे टूट गए। दीवारों पर छर्रों के निशान भी मिले हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमले में GHD2P हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया, जो मुख्य रूप से पाकिस्तान में बनाया जाता है। विस्फोट के बाद इसके टुकड़े 20 से 25 मीटर तक फैल सकते हैं और 5 से 10 मीटर के दायरे में घातक साबित हो सकते हैं। घटना के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम और केंद्रीय फॉरेंसिक प्रयोगशाला के विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल भी जांच में जुटे हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो युवक दिखाई दे रहे हैं। एक युवक हेलमेट हाथ में लेकर कथित तौर पर ग्रेनेड जैसी वस्तु फेंकता है, जबकि दूसरा उसकी रिकॉर्डिंग करता है। धमाके के बाद दोनों मौके से भागते नजर आते हैं। हालांकि, वीडियो की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। सोशल मीडिया पर सुखजिंदर सिंह बब्बर नाम के एक व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में इसे सिख युवकों की हत्या का बदला बताया गया है। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों को घटना से कुछ मिनट पहले पास के एक कार्यालय के बाहर खड़े देखा गया है। धमाके के बाद वे सड़क पार कर भागते नजर आए। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इसे पार्टी कार्यालय पर हमला बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश का संकेत हैं।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह एक देसी किस्म का छोटा विस्फोटक उपकरण प्रतीत होता है। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।







