पश्चिमी विक्षोभ का असर, यूपी में 3 से 5 अप्रैल तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 3 अप्रैल से 5 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 और 4 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी (पूर्वांचल) में 4 और 5 अप्रैल को मौसम खराब रहने का अनुमान है। कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
तेज हवाओं और खराब मौसम का असर किसानों पर पड़ सकता है। खासकर गेहूं की कटाई और मड़ाई कर रहे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य के कई जिलों जैसे अलीगढ़, मथुरा, आगरा, झांसी, प्रयागराज, जौनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बरेली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार से रविवार के बीच आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इससे पहले मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई थी। प्रयागराज और जौनपुर समेत कई जिलों में ओले गिरे। वहीं राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम के तेवर फिर बदल सकते हैं।







