कुवैत से कोच्चि पहुंचे 20 भारतीयों के शव, औपचारिकताओं के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे

कुवैत से एक विशेष विमान मंगलवार को कोच्चि एयरपोर्ट पर उतरा, जिसमें लगभग 20 भारतीयों के शव थे। ये शव उन लोगों के थे जिनकी बीते कुछ दिनों में कुवैत में विभिन्न परिस्थितियों में मौत हुई थी। कुवैत एयरवेज की विशेष उड़ान KU5632, जो कोलंबो के रास्ते आई, रात करीब 10.40 बजे कोच्चि एयरपोर्ट पर उतरी। इस विमान में कोई यात्री नहीं था और इसे विशेष रूप से शवों को लाने के लिए इस्तेमाल किया गया।
कोच्चि एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि मध्य पूर्व में हाल के संघर्ष और उड़ान सेवाओं में बाधा के कारण शवों को पहले वापस नहीं लाया जा सका। अधिकारियों ने कहा कि शव केरल और तमिलनाडु के अलग-अलग क्षेत्रों से ताल्लुक रखते थे। “औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे,” अधिकारियों ने बताया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शव को कुवैत से कोलंबो होते हुए विशेष विमान के जरिए कोच्चि लाया गया। CIAL के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शवों को सौंपने से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की हैं। मृतक अलाप्पुझा और कोट्टायम जैसे क्षेत्रों से संबंधित थे।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, इन 20 भारतीयों में रामनाथपुरम के मुथुकुलथुर निवासी 37 वर्षीय संथानासेल्वम कृष्णन भी शामिल थे, जिनकी मौत ड्रोन हमले में हुई। बाकी 19 लोग अलग-अलग दुर्घटनाओं या प्राकृतिक कारणों से निधन हो गए थे। इनकी मौत का युद्ध से कोई संबंध नहीं है। फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव के कारण शवों की वतन वापसी में देरी हुई।







