कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बड़ा इजाफा, दिल्ली में 2078 रुपये के पार पहुंची कीमत

वैश्विक तेल कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बुधवार (1 अप्रैल 2026) को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया। 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में करीब 200 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नई दरें लागू होते ही देश के प्रमुख शहरों में गैस की कीमतें बढ़ गई हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 2078.50 रुपये हो गई है, जबकि पहले यह 1883 रुपये में मिल रहा था। यानी यहां 195.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह 913 रुपये पर स्थिर है।
अन्य महानगरों की बात करें तो मुंबई में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1835 रुपये से बढ़कर 2031 रुपये हो गई है, यानी 196 रुपये का इजाफा हुआ है। कोलकाता में यह सिलेंडर 1990 रुपये से बढ़कर 2208 रुपये पर पहुंच गया, जिससे यहां 218 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, चेन्नई में इसकी कीमत 2043.50 रुपये से बढ़कर 2246.50 रुपये हो गई है, यानी 203 रुपये महंगा हुआ है।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 मार्च को भी कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 114.5 रुपये की वृद्धि की गई थी। तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर-रुपया विनिमय दर के आधार पर एलपीजी और एटीएफ की कीमतों में संशोधन करती हैं।







