मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ईरान का बड़ा दावा, F-16 फाइटर जेट और MQ-9 ड्रोन मार गिराने की बात

मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान के अर्धसैनिक बल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के हवाले से स्थानीय मीडिया में खबर आई है कि एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान और MQ-9 ड्रोन को मार गिराया गया है। हालांकि, अमेरिका ने अब तक इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
Tasnim News Agency के मुताबिक, यह कार्रवाई ईरान के नागरिकों और औद्योगिक ठिकानों पर हुए कथित हमलों के जवाब में की गई है। IRGC ने दावा किया है कि उसने ‘कब्जे वाले क्षेत्रों’ में मौजूद अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को भी निशाना बनाया।
रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण ईरान के शिराज के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को सफलतापूर्वक गिराया गया। इसके अलावा, IRGC ने F-16 फाइटर जेट पर हमले का भी दावा किया है, लेकिन इस हमले से हुए नुकसान या उसकी स्थिति को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, अमेरिका की ओर से इन दावों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सैन्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे दावों की स्वतंत्र पुष्टि बेहद जरूरी होती है, क्योंकि मौजूदा हालात में दोनों पक्षों के बीच सूचना युद्ध भी तेज हो गया है।
गौरतलब है कि मध्य-पूर्व में पहले से जारी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच हमलों और जवाबी कार्रवाई का सिलसिला जारी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यह संघर्ष और व्यापक रूप ले सकता है। फिलहाल, पूरी दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि यह टकराव आखिर कब और किस मोड़ पर थमेगा।







