Main Slideराजनीतिराष्ट्रीय

नोएडा एयरपोर्ट उद्घाटन बना सियासी अखाड़ा, मोदी-अखिलेश के बीच तीखी जुबानी जंग

नरेंद्र मोदी  ने शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधा, जिसके जवाब में  अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बनाए गए सात नए हवाई अड्डों में से छह बंद पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का प्रबंधन भ्रष्ट है और विकास कार्य केवल ठेके बांटने और कमाई के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बाकी हवाई अड्डों की स्थिति भी ‘घास हटवाकर’ देखी जानी चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रदेश में मेहमान के रूप में आए हैं और उनका सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब हार सामने दिखने लगती है, तो व्यक्ति अपने पद और शब्दों पर नियंत्रण खो देता है, लेकिन उनकी पार्टी हमेशा उम्र और पद का सम्मान करती है।

इससे पहले अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि एक समय नोएडा अंधविश्वास और राजनीतिक हिचकिचाहट के कारण विकास से पीछे रह गया था। उन्होंने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के शासक नोएडा आने से कतराते थे क्योंकि उन्हें सत्ता खोने का डर रहता था।

प्रधानमंत्री ने एक पुराना प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब वह पहली बार नोएडा आने वाले थे, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री ने उन्हें यहां न आने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने उस समय भी इस सोच को नकारते हुए नोएडा आकर विकास का संदेश दिया था।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close