ओडिशा के नयागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: टूरिस्ट बस पलटी, 5 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

ओडिशा के नयागढ़ जिले से शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई। दसपल्ला थाना क्षेत्र के टाकराघाट के पास हनुमान घाटी इलाके में एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जो ब्रह्मपुर से हरिशंकर घूमने जा रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद बस एक बड़े पत्थर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री बस से बाहर जा गिरे, जबकि 10 से अधिक लोग बस के नीचे दब गए।
हादसे में बस चालक प्रवीण साहू समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरि पात्रा, लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू और सुमति साहू के रूप में हुई है। सभी मृतक ब्रह्मपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दसपल्ला और बनिगोछा थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य के दौरान बस के नीचे फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया।
घायलों को पहले दसपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद करीब 15 गंभीर रूप से घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







