ओडिशा का युवक सूडान में आतंकियों के कब्जे में, परिवार ने सरकार से लगाई मदद की गुहार

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के तिर्तोल थाना क्षेत्र के कोटकणा गांव का एक युवक सूडान में आतंकियों के कब्जे में फँस गया है। परिजनों ने बेटे की सकुशल वापसी के लिए भारत सरकार से मदद की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, कोटकणा गांव निवासी आदर्श बेहरा वर्ष 2022 में अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से सूडान गए थे, जहाँ वे एक प्लास्टिक कंपनी में काम कर रहे थे। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन सात से आठ महीने बाद सूडान में भीषण गृहयुद्ध छिड़ गया। सरकारी सेना और आरएसएफ (Rapid Support Forces) नामक विद्रोही संगठन के बीच लंबे समय तक संघर्ष चलता रहा, जिससे स्थिति बेहद भयावह बन गई।
इस दौरान आदर्श बेहरा सहित कई विदेशी नागरिक युद्धग्रस्त क्षेत्र में फँस गए। भोजन और पानी की भारी कमी के बीच उन्हें कई दिनों तक कठिन परिस्थितियों में रहना पड़ा। आदर्श ने पहले एक वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई थी।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में आरएसएफ ने सूडान के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया है। इसी दौरान आदर्श बेहरा का आतंकियों ने अपहरण कर उन्हें एक जंगल क्षेत्र में बंदी बना लिया। परिजनों को इस घटना की जानकारी तब मिली जब उन्हें एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें आदर्श बंधक अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में चिंता और बेचैनी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी केंद्र और राज्य सरकार से जल्द से जल्द आदर्श की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।







