Main Slideमनोरंजन

वृंदावन पहुंचे रैपर बादशाह, प्रेमानंद महाराज से लिया आध्यात्मिक मार्गदर्शन

वृंदावन: मशहूर रैपर और गायक बादशाह हाल ही में उत्तर प्रदेश के वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में बादशाह अपने भाई के साथ गुरुजी के पास बैठे नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके भाई ने जीवन और रिश्तों से जुड़ा एक गहन प्रश्न किया, जिसका संत ने गहराई से उत्तर दिया।

बादशाह के भाई का सवाल

बादशाह के भाई ने पूछा आज के समय में लोग सत्य सुनना तो चाहते हैं, लेकिन जब कोई सच बोलता है तो रिश्ते टूट जाते हैं और प्यार खत्म हो जाता है। ऐसे में इंसान टूट जाता है, न काम कर पाता है, न कर्म। फिर भी क्या सत्य बोलना चाहिए?

प्रेमानंद महाराज का जवाब

गुरुजी ने धैर्यपूर्वक उत्तर देते हुए कहा “सत्य की राह पर ही चलना चाहिए। अगर लोग दूर हो जाते हैं तो यह उनकी असत्य की राह का परिणाम है। उनका छूटना कोई नुकसान नहीं है। सत्य का साथ भगवान देते हैं और जिसके साथ भगवान खड़े हों, उसके साथ पूरा जमाना खड़ा हो जाता है। इसलिए हमेशा सत्य पर डटे रहना चाहिए।

गुरुजी के इस उत्तर को बादशाह बेहद शांत भाव से सुनते रहे। वीडियो में उनके चेहरे पर हल्की उदासी भी झलकती है, लेकिन अंत में वे मुस्कुराते नजर आते हैं। वहीं उनके भाई भी गुरुजी की बातों से संतुष्ट दिखे।

पहले भी पहुंचे हैं बॉलीवुड सितारे

बता दें, इससे पहले अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा भी प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन पहुंचे थे। जब उन्हें पता चला कि महाराज पिछले दस वर्षों से दोनों किडनियों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, तो राज कुंद्रा ने अपनी एक किडनी दान करने की इच्छा जताई। इस पर महाराज ने विनम्रता से कहा“मैं निडर हूं और मुझे ईश्वर पर पूरा विश्वास है। जब भी भगवान का बुलावा आएगा, मैं तैयार हूं।

सितारों की आस्था का केंद्र

प्रेमानंद महाराज आज देश के सम्मानित आध्यात्मिक गुरुओं में गिने जाते हैं। उनका जीवन राधा-कृष्ण भक्ति, प्रेम और विश्वास पर आधारित है। उनके प्रवचन ऑनलाइन लाखों लोग सुनते हैं, जिससे वे डिजिटल युग के प्रभावशाली संत बन चुके हैं। विराट कोहली, मीका सिंह, आशुतोष राणा, हेमा मालिनी और रवि किशन जैसे कई सितारे भी उनके दर्शन के लिए वृंदावन आ चुके हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close