भाषा विश्वविद्यालय में 16 को जुटेंगे बाल विज्ञानी

लखनऊ। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जिला स्तरीय आयोजन 16 नवंबर को केएमसी भाषा विश्वविद्यालय में होगा। इसमें लखनऊ जिले के विभिन्न विद्यालयों के बाल विज्ञानी प्रतिभाग करेंगे।
यहां से चुने गए प्रतिभागी एक दिसंबर को नोएडा में होने वाली राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में भाग लेंगे। इंडियन साइंस कम्युनिकेशन सोसाइटी और भाषा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पदम श्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद होंगे तथा अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा करेंगे।
साथ ही पूर्व निदेशक बेसिक शिक्षा डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह, संयुक्त निदेशक शिक्षा डॉ. प्रदीप कुमार और बीएसआईपी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. निमिष कपूर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। इस वर्ष का मुख्य विषय टिकाऊपन के लिए विज्ञान और नवाचार है। इसके अंतर्गत छात्र-छात्राएं अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल, भोजन कृषि और स्वास्थ्य तथा टिकाऊपन के लिए भारतीय ज्ञान प्रणालियों का अनुप्रयोग जैसे उपविषयों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। जिला समन्वयक डॉ. सत्यम शिवम सुंदरम ने बताया भारत सरकार की संस्था राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विज्ञानियों को ऐसा मंच प्रदान करना है जहां वे अपने शोध कार्य को राष्ट्रीय स्तर तक ले जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में राज्य प्रमुख अन्वेषक डॉ. विष्णु प्रताप सिंह, केएमसी भाषा विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. सुमन कुमार मिश्रा, राज्य अकादमिक समन्वयक, रामकुमार और जिला अकादमिक समन्वयक डॉ. मनीष श्रीवास्तव भी नई प्रतिभाओं को गुर सिखाएंगे।








