Main Slideउत्तराखंडराष्ट्रीय

छह महीने के लिए बंद हुए बाबा केदार के द्वार, शीतकालीन प्रवास पर रवाना होगी बाबा की डोली

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट मंगलवार, 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए. सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर के कपाट बंद हुए. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे और बाबा केदार की विदाई के साक्षी बने. अब सर्दियों के दौरान श्रद्धालु भगवान केदारनाथ के दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में कर सकेंगे.

कपाट बंद होने की प्रक्रिया के दौरान भगवान शिव की उत्सव डोली भी निकाली गई. इस दौरान भक्तों ने डोली के दर्शन किए और धार्मिक परंपराओं में हिस्सा लिया. शीतकालीन प्रवास के लिए बाबा केदार की गद्दी को ऊखीमठ ले जाया जाएगा. इसके बाद शीतकाल समाप्त होने पर अगले यात्रा सीजन में केदारनाथ धाम के कपाट दोबारा खोले जाएंगे.

आज बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

केदारनाथ के साथ ही मंगलवार को यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद किए जा रहे हैं. मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल के अनुसार, मां यमुना के मंदिर के कपाट सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर बंद किए जाएंगे. इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली रवाना होगी. सर्दियों के दौरान श्रद्धालु खरसाली में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे.

कपाट बंद होने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कपाट बंद होने के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए. रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि केदारनाथ धाम से बाबा की गद्दी को शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ ले जाया जाएगा. डोली यात्रा के अलग-अलग पड़ावों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.

उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जनपद पुलिस के जवानों के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की एक प्लाटून भी तैनात की जा रही है. एसपी ने श्रद्धालुओं से शीतकालीन यात्रा में भी शामिल होने और ऊखीमठ पहुंचकर बाबा के दर्शन करने की अपील की.

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close