Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ शिवा शर्मा हत्याकांड में नए खुलासे, मॉडल श्रद्धा दुबे पर अमीर युवकों को जाल में फंसाने का आरोप

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की जांच में पुलिस पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं. मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे पर अपनी बहन और करीबी सहयोगियों के साथ मिलकर कथित तौर पर एक गिरोह चलाने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के निशाने पर खासतौर पर अमीर परिवारों के युवक रहते थे. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

किसान बाजार के कैफे में तैयार होती थी कथित साजिश

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि दुबे और अन्य साथियों के साथ विभूतिखंड स्थित किसान बाजार के एक कैफे में नियमित रूप से जाती थी. आरोप है कि यहां हुक्का पीने के दौरान अमीर घरानों के युवकों को निशाने पर लेने की रणनीति बनाई जाती थी. पुलिस के अनुसार, कारोबारी शिवा शर्मा की मुलाकात भी श्रद्धा से इसी कैफे में हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शिवा कथित तौर पर श्रद्धा के प्रभाव में आ गया. जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि श्रद्धा ने शिवा के कुछ आपत्तिजनक वीडियो बना रखे थे. इन वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल किया जाता था. पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा शिवा से अपनी निजी जरूरतों के लिए भी काम करवाती थी और उसे मानसिक दबाव में रखती थी.

शिवा को घंटों किया गया प्रताड़ित

पुलिस जांच में वारदात वाले दिन शिवा शर्मा के साथ कथित तौर पर की गई अमानवीय हरकतों का भी खुलासा हुआ है. आरोप है कि उसे अपमानित करने के लिए उसके कपड़े उतरवाए गए और शरीर पर लिपस्टिक लगाई गई. इसके बाद श्रद्धा की बहन रश्मि, करीबी साथी आमिर और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश के सामने उसे जबरन डांस करने के लिए मजबूर किया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवा को कई घंटों तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. जांच एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं.

पेन ड्राइव में रखती थी रसूखदार लोगों की तस्वीरें

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा दुबे बड़े और प्रभावशाली लोगों के साथ आयोजित पार्टियों की तस्वीरें पेन ड्राइव में सुरक्षित रखती थी. आरोप है कि वह इन तस्वीरों के जरिए अपना रसूख दिखाती थी और अधिकारियों व प्रभावशाली व्यक्तियों से करीबी होने का दावा कर दूसरों पर दबाव बनाती थी. जांच में यह बात भी सामने आई है कि कथित तौर पर इसी प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उसने पहले हजरतगंज थाने में एक एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस इस मामले में दर्ज शिकायत और उससे जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है.

तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ी

इस मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया. सुनवाई के बाद अदालत ने तीनों की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ा दी. अदालत में श्रद्धा ने जेल में अपने वकील से मुलाकात के लिए अतिरिक्त समय देने और खुद कोर्ट में पेश होने की मांग रखी. हालांकि, जज की ओर से मांग का कारण पूछे जाने पर उसने कोई जवाब नहीं दिया. इस पर अदालत ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ही उसे व्यक्तिगत रूप से पेश किया जाएगा.

कैफे संचालक फरार, आमिर की तलाश में जुटी पुलिस

मामले में नए खुलासों के बाद किसान बाजार स्थित उस कैफे का संचालक भी पुलिस की जांच के दायरे में है. बताया जा रहा है कि वह दुकान बंद कर फरार हो गया है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. वहीं, आरोपी आमिर भी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है. उस पर शिवा शर्मा को प्रताड़ित करने और वारदात के बाद उसे नेपाल भेजने में मदद करने का आरोप है. पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं. मामले में जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित कड़ियों को भी खंगाल रही है.

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close