उत्तराखंड में BJP को झटका, जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल कांग्रेस में शामिल

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। मशहूर बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने सोमवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे। रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने को राज्य की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। वह पहले भी कांग्रेस में रह चुके हैं। करीब 12 साल पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का रुख किया था। अब एक बार फिर उनकी कांग्रेस में वापसी हुई है।
भाजपा में सम्मान नहीं मिलने का लगाया था आरोप
रामशरण नौटियाल पिछले कुछ समय से भाजपा से दूरी बनाए हुए थे। हाल ही में उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं। भाजपा छोड़ने के पीछे उन्होंने पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिलने की बात कही थी। उनके कांग्रेस में आने के बाद देहरादून जिले के चकराता और आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। नौटियाल के विकासनगर या सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, उनकी चुनावी दावेदारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
कांग्रेस ने बताया पुराने साथी की घर वापसी
कांग्रेस में रामशरण नौटियाल का स्वागत करते हुए पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने इसे पुराने साथी की घर वापसी बताया। उन्होंने कहा कि नौटियाल भाजपा के माहौल और वहां के कामकाज से संतुष्ट नहीं थे। शैलजा ने उनके पार्टी में लौटने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे संगठन को मजबूती मिलेगी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी नौटियाल के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और मौजूदगी से उत्तराखंड में कांग्रेस को ताकत मिलेगी।
2022 में भाजपा के टिकट पर लड़ा था चुनाव
रामशरण नौटियाल का राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू हुआ था। वर्ष 2014 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली थी। वर्ष 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें चकराता सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वह देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।अब चुनावी माहौल के बीच भाजपा छोड़कर कांग्रेस में उनकी वापसी ने उत्तराखंड की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। खासकर देहरादून जिले की सीटों पर इसका कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में साफ होगा।
प्रियंका कक्कड़ भी कांग्रेस में हुई थीं शामिल
इससे पहले आम आदमी पार्टी की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ भी कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। लगातार नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को आगामी चुनावों में संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद है।







