दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट के लगेज कम्पार्टमेंट में फटा पावर बैंक, हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के केबिन में सामान रखने वाले रैक के पास से धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने विमान का रुख हैदराबाद की ओर मोड़ दिया। इसके बाद राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E6115 दिल्ली से चेन्नई जा रही थी। उड़ान के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में खराबी आने के कारण पहले उसमें धुआँ निकला, उसके बाद उसमें आग लग गई। विमान में धुआं दिखाई देने के बाद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल बन गया।
पावर बैंक में खराबी के बाद निकला धुआं
बताया गया कि 11 अक्टूबर 2026 को एयरबस A321-251N विमान ने दिल्ली से चेन्नई के लिए उड़ान भरी थी। सफर के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद उससे धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केबिन क्रू ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। विमान में मौजूद कर्मचारियों ने सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए अग्निशामक यंत्रों की मदद से हालात को नियंत्रित किया।
पायलटों ने हैदराबाद में उतारा विमान
धुएं की घटना के बाद पायलटों ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को हैदराबाद ले जाने का फैसला किया। इसके बाद विमान को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। घटना के दौरान किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान की लैंडिंग के बाद यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।
इंडिगो ने यात्रियों के लिए की वैकल्पिक व्यवस्था
इंडिगो के मुताबिक, उड़ान के दौरान एक निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने की घटना सामने आई थी। केबिन क्रू ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। एयरलाइन ने बताया कि हैदराबाद में विमान उतरने के बाद यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई। यात्रियों को इंतजार के दौरान जलपान भी उपलब्ध कराया गया।
पावर बैंक के इस्तेमाल को लेकर फिर उठे सुरक्षा सवाल
विमान में पावर बैंक से जुड़ी इस घटना ने उड़ान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा पर एक बार फिर ध्यान खींचा है। लिथियम-आयन बैटरी में खराबी आने पर अत्यधिक गर्मी और धुआं निकलने का खतरा हो सकता है।







