Main Slideखेल

एशियन गेम्स में भारत को सातवां गोल्ड, आर्चरी के फाइनल में चीन को हराया

जापान। एशियाई खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के 11वें दिन भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। फाइनल मुकाबले में भारत की तिकड़ी ने चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या सात हो गई। भारतीय टीम ने 238 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी की।

चिकिता, प्रीतिका और ज्योति की तिकड़ी ने किया कमाल

भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम में चिकिता, प्रीतिका और ज्योति की तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में सटीक निशाने लगाकर चीन की टीम पर दबाव बनाए रखा। भारत ने 238 अंक हासिल किए, जबकि चीन की टीम 234 अंकों तक ही पहुंच सकी। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया के उस विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जो उसने 2014 के एशियाई खेलों के फाइनल में 238 अंक बनाकर कायम किया था।

मुकाबले की शुरुआत से भारत ने बनाए रखी बढ़त

फाइनल में भारतीय तीरंदाजों ने शुरुआत से ही अपनी पकड़ मजबूत रखी। पहली सीरीज में टीम ने 60 में से पूरे 60 अंक हासिल किए, जबकि चीन की टीम 58 अंक ही बना सकी।दूसरी सीरीज में भी भारतीय खिलाड़ियों ने 59 अंक जुटाकर चीन के 58 अंकों के मुकाबले अपनी बढ़त बनाए रखी। तीसरी सीरीज में चीन ने 60 अंकों का परफेक्ट स्कोर बनाया, लेकिन भारत ने भी 59 अंक हासिल किए। इसके बाद भारतीय टीम ने 178-176 की बढ़त बरकरार रखी।

आखिरी सीरीज में भी भारतीय तीरंदाजों ने दबाव के बीच शानदार निशाने लगाए और 238-234 के अंतर से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। टीम ने कुल 24 शॉट में से 22 पर 10 अंक हासिल किए। भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने 2023 में चीन के हांगझोउ में आयोजित एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था। अब 2026 के एशियाई खेलों में खिताब का बचाव करते हुए टीम ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा साबित की है। भारतीय खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से देश के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। महिला तीरंदाजों की इस जीत ने एशियाई खेलों में भारत के पदक अभियान को भी मजबूती दी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close