बिहार- उत्तर प्रदेश MLC चुनाव: BJP ने 10 उम्मीदवारों के नाम किए घोषित, जानिए किस सीट से कौन लड़ेगा

नई दिल्ली: बिहार और उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने दोनों राज्यों के स्नातक (Graduates) और शिक्षक (Teachers) निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 10 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इनमें बिहार की चार और उत्तर प्रदेश की छह सीटें शामिल हैं।
बिहार में BJP के चार उम्मीदवार
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए BJP ने चार सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया है। NDA में सीटों के बंटवारे के तहत BJP और JDU चार-चार सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। JDU की ओर से पहले ही अपने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा चुके हैं। BJP ने दरभंगा ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं पटना टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव को टिकट दिया गया है। कोशी ग्रेजुएट्स सीट से डॉ. एनके यादव और तिरहुत टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को मैदान में उतारा गया है। खास बात यह है कि नवल किशोर यादव, डॉ. एनके यादव और सर्वेश कुमार मौजूदा विधान परिषद सदस्यों में शामिल हैं। ऐसे में इन सीटों पर मुकाबला खासा अहम माना जा रहा है।
यूपी में BJP ने इन छह नेताओं पर जताया भरोसा
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर BJP ने छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने अलग-अलग शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वाराणसी ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं मेरठ ग्रेजुएट्स सीट से दिनेश गोयल BJP के प्रत्याशी होंगे। इसके अलावा इलाहाबाद-झांसी ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से अशोक कुमार राठौर को टिकट दिया गया है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की बात करें तो वाराणसी टीचर्स सीट से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा टीचर्स सीट से हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया गया है।
23 अक्टूबर को होगी MLC चुनाव के लिए वोटिंग
निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में राज्यसभा और विधान परिषद की सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। यूपी में 10 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होगा, जबकि 11 विधान परिषद सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग कराई जाएगी। दोनों चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। बिहार में आठ MLC सीटों और उत्तर प्रदेश में 11 विधान परिषद सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर अब सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार सामने आने के बाद मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।







