Main Slideप्रदेश

पंजाब में AAP का 2027 चुनावी अभियान तेज, CM मान आज जारी करेंगे कैंपेन पैंफलेट

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान आज लुधियाना में पार्टी के चुनावी अभियान का पैंफलेट जारी करेंगे। कार्यक्रम लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगा।

20 सितंबर से शुरू होगा मेगा डोर-टू-डोर अभियान

AAP के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के आगामी अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर से पूरे पंजाब में मेगा डोर-टू-डोर कैंपेन शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद अपनी विधानसभा सीट धूरी से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी के मुताबिक, अभियान में करीब 2.68 लाख बूथ कमेटी सदस्य और स्वयंसेवक घर-घर पहुंचेंगे। इस दौरान वे सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। पंजाब में कुल 25,332 बूथ हैं।

सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने की तैयारी

मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि भगवंत मान सरकार ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा किया है। पार्टी की ओर से बिजली और पानी से जुड़ी गारंटियों को प्रमुख उपलब्धियों के तौर पर जनता के बीच रखा जाएगा। AAP का दावा है कि इन फैसलों से एक औसत परिवार को सालाना करीब 1.82 लाख रुपये का आर्थिक लाभ हुआ है। अभियान के दौरान किसानों के लिए नहरी पानी और दिन के समय बिजली, सरकारी स्कूलों में सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार और खेल सुविधाओं के साथ व्यापारियों के लिए बेहतर शासन जैसे मुद्दों को भी उठाया जाएगा।

पिछली सरकारों पर भी साधा जाएगा निशाना

डोर-टू-डोर अभियान में आम आदमी पार्टी पिछली अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल को भी मुद्दा बनाएगी। पार्टी का कहना है कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान पंजाब वित्तीय संकट और नशे की समस्या से जूझता रहा। इसके साथ ही अभियान के दौरान सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य नए लोगों को संगठन से जोड़कर अपना जनाधार और संगठनात्मक नेटवर्क मजबूत करना है।

एक महीने तक चलेगा अभियान

AAP के मुताबिक, यह मेगा अभियान करीब एक महीने तक चलेगा। पार्टी का कहना है कि इस दौरान सरकार के कामकाज को सीधे जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत किया जाएगा। 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का लक्ष्य मौजूदा सरकार के कामकाज को आधार बनाकर जनता के बीच जाना है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close