US Open 2026 : एलेना रिबाकिना ने सबालेंका को हराकर रचा इतिहास, पहली बार बनीं न्यूयॉर्क की चैंपियन

US Open 2026 के महिला सिंगल्स फाइनल में एलेना रिबाकिना ने गत चैंपियन आर्यना सबालेंका को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में रिबाकिना ने 6-4, 5-7, 6-2 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ वह अगले सप्ताह जारी होने वाली WTA रैंकिंग में दुनिया की नई नंबर-1 खिलाड़ी बन जाएंगी।
सबालेंका का लगातार तीसरा खिताब जीतने का सपना टूटा
न्यूयॉर्क के फ्लशिंग मीडोज में खेले गए फाइनल में आर्यना सबालेंका अपने खिताब का बचाव करने उतरी थीं। वह लगातार तीसरी बार US Open ट्रॉफी जीतकर सेरेना विलियम्स के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनना चाहती थीं। हालांकि, एलेना रिबाकिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। रिबाकिना ने पहला सेट 6-4 से जीता, जबकि सबालेंका ने दूसरे सेट में 7-5 से वापसी की। निर्णायक सेट में रिबाकिना ने दमदार खेल दिखाया और 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ सबालेंका की US Open में लगातार 19 मैचों की जीत का सिलसिला भी थम गया। वह 2023 के फाइनल में कोको गॉफ से हारने के बाद इस टूर्नामेंट में लगातार जीत दर्ज कर रही थीं।
तीसरी ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी पर कब्जा
एलेना रिबाकिना के करियर का यह तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2022 में विंबलडन का खिताब जीता था। इस साल की शुरुआत में उन्होंने आर्यना सबालेंका को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन की ट्रॉफी भी अपने नाम की थी। दिलचस्प बात यह है कि रिबाकिना ने इस साल दोनों ग्रैंड स्लैम खिताब सबालेंका को हराकर जीते हैं। अब उनके करियर में सिर्फ फ्रेंच ओपन का खिताब जीतना बाकी है, जिससे वह करियर ग्रैंड स्लैम पूरा कर सकेंगी। रिबाकिना का जन्म रूस में हुआ था, लेकिन वह अंतरराष्ट्रीय टेनिस में कजाखस्तान का प्रतिनिधित्व करती हैं।
चैंपियन को मिली रिकॉर्ड इनामी राशि
US Open का खिताब जीतने के साथ एलेना रिबाकिना ने 5.5 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि भी हासिल की। यह ग्रैंड स्लैम टेनिस इतिहास में सबसे बड़ी इनामी राशि बताई जा रही है। इस जीत के साथ रिबाकिना के नाम इस सीजन में तीन खिताब हो गए हैं। वह आर्यना सबालेंका और फ्रेंच ओपन चैंपियन मिर्रा आंद्रीवा के साथ 2026 में सबसे ज्यादा तीन खिताब जीतने वाली खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं।
हार के बाद सबालेंका ने तोड़ा रैकेट
फाइनल में हार के बाद आर्यना सबालेंका ने रिबाकिना से मुलाकात की और दोनों खिलाड़ियों ने कुछ देर एक-दूसरे को गले लगाया। इसके बाद सबालेंका ने अपना रैकेट तोड़ दिया। उन्हें उपविजेता के तौर पर 2.8 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि मिली। रिबाकिना की इस जीत ने न केवल उन्हें US Open चैंपियन बनाया, बल्कि महिला टेनिस की विश्व रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव तय कर दिया है। अगले सप्ताह जारी होने वाली रैंकिंग में वह सबालेंका को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान पर पहुंच जाएंगी।







