Main Slideराष्ट्रीय

CM योगी का सपा पर बड़ा हमला, बोले- 2017 से पहले सरकारी भर्तियों पर था ‘सैफई सिंडिकेट’ का कब्जा

फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार, 3 सितंबर को फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर सरकारी भर्तियों में कथित पक्षपात और अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के अवसरों पर एक खास तंत्र का दबदबा था। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले सरकारी भर्तियों में ‘सैफई सिंडिकेट’ का प्रभाव इतना था कि कोई आवाज उठाने की स्थिति में नहीं था। उनके मुताबिक, उस दौर में प्रदेश का युवा नौकरी के अवसरों का इंतजार करता रहा, लेकिन उसे उसका हक नहीं मिल सका।

‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया तो जेल भेजेंगे’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है और युवाओं को बिना भेदभाव के सरकारी नौकरी के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसे लोगों के लिए जेल के दरवाजे खुले हैं और जरूरत पड़ने पर उनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार किसी को भी युवाओं के भविष्य के साथ समझौता करने की अनुमति नहीं देगी।

‘पहली बार बिना भेदभाव नौकरी पा रहा युवा’

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में युवा बिना किसी भेदभाव के सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

‘इन्वेस्टमेंट का मतलब सिर्फ उद्योग लगाना नहीं’

मुख्यमंत्री ने निवेश को रोजगार और युवा सशक्तिकरण से जोड़ते हुए कहा कि प्रदेश में निवेश का अर्थ केवल उद्योग स्थापित करना नहीं है। इसका मकसद युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना, उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मौका देना और आत्मनिर्भर बनाना भी है। योगी ने कहा कि सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close