Main Slideमनोरंजन

बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी का जलवा, ‘आवारापन 2’ ने 11 दिन में कमाए 139 करोड़; ‘बटवारा 1947’ पिछड़ी

मुंबई: साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। ‘धुरंधर 2’ जहां ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई, वहीं ‘बॉर्डर 2’ और ‘पेड्डी’ ने भी शानदार कमाई की। अब इमरान हाशमी और दिशा पाटनी स्टारर ‘आवारापन 2’ भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। 14 अगस्त को रिलीज हुई ‘आवारापन 2’ दूसरे हफ्ते में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है। फिल्म ने 11 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 139 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही यह 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।

दूसरे हफ्ते में भी जारी है ‘आवारापन 2’ की रफ्तार

इमरान हाशमी की फिल्म ने पहले वीकेंड में मजबूत प्रदर्शन किया था। खास बात यह है कि वीकडेज में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार ज्यादा नहीं थमी। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने 11 दिनों में 139 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म की सफलता पर इमरान हाशमी की पत्नी परवीन ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर खुशी जाहिर की और अभिनेता की मेहनत और धैर्य की तारीफ की।

2026 की टॉप-5 फिल्मों में पहुंची

139 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ ‘आवारापन 2’ इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। फिल्म से आगे ‘धुरंधर 2’, ‘बॉर्डर 2’, ‘भूत बंगला’ और ‘धमाल 4’ हैं। फिल्म के प्रदर्शन को इमरान हाशमी के करियर के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

‘बटवारा 1947’ की कमाई हुई धीमी

वहीं, ‘आवारापन 2’ के साथ रिलीज हुई सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर ‘बटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन 5.75 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन फिल्म की कमाई बढ़कर 13.50 करोड़ रुपये पहुंची, लेकिन तीसरे दिन 7.25 करोड़ रुपये के बाद इसकी रफ्तार लगातार धीमी होती गई। फिल्म ने पहले हफ्ते में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 33.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। 11 दिनों में इसकी कुल कमाई बढ़कर लगभग 37.15 करोड़ रुपये हुई है। ऐसे में ‘आवारापन 2’ और ‘बटवारा 1947’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के बीच बड़ा अंतर आ गया है और फिलहाल इमरान हाशमी की फिल्म साफ तौर पर आगे निकल चुकी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close