‘आश्रम 4’ की शूटिंग शुरू, फिर लौटे बाबा निराला; बॉबी देओल समेत ये स्टार्स करेंगे वापसी

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल एक बार फिर अपने चर्चित किरदार बाबा निराला के रूप में दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार हैं। पॉपुलर वेब सीरीज ‘आश्रम’ के चौथे सीजन की शूटिंग शनिवार से शुरू हो गई है। मेकर्स प्रकाश झा प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर क्लैपरबोर्ड की तस्वीर शेयर कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी। मेकर्स ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “एक और आरंभ… आश्रम के नए अध्याय में आपका स्वागत है। जपनाम, आश्रम 4 की शूटिंग शुरू!” तस्वीर सामने आते ही फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई और कमेंट सेक्शन में लोगों ने नए सीजन को लेकर खुशी जाहिर की।
फिर बाबा निराला बनेंगे बॉबी देओल
‘आश्रम 4’ में बॉबी देओल एक बार फिर बाबा निराला के किरदार में नजर आएंगे। पिछले तीन सीजन की तरह इस बार भी कहानी बाबा निराला के इर्द-गिर्द आगे बढ़ेगी। सीरीज में राजनीति, अपराध और अंधविश्वास के बीच बाबा निराला के साम्राज्य की कहानी दिखाई गई है।
ये स्टार्स भी करेंगे वापसी
चौथे सीजन में बॉबी देओल के साथ अदिति पोहनकर पम्मी के किरदार में और चंदन रॉय सान्याल भोपा स्वामी के रोल में नजर आएंगे। इसके अलावा दर्शन कुमार, अनुप्रिया गोयनका, ईशा गुप्ता, अध्ययन सुमन और त्रिधा चौधरी भी अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे। सीरीज का निर्देशन प्रकाश झा ने किया है। पिछले तीन सीजन की लोकप्रियता को देखते हुए ‘आश्रम 4’ का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था।
कब रिलीज हुई थी ‘आश्रम’?
‘आश्रम’ का पहला सीजन 28 अगस्त 2020 को एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुआ था। इसके बाद दूसरा सीजन नवंबर 2020 में और तीसरा सीजन जून 2022 में स्ट्रीम किया गया। अब चौथे सीजन की शूटिंग शुरू होने के साथ ही फैंस की नजर इसकी रिलीज डेट पर टिकी है। मेकर्स ने अभी ‘आश्रम 4’ की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। पिछले सीजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हुए थे, इसलिए नए सीजन के भी इसी प्लेटफॉर्म पर आने की उम्मीद है।



