Main Slideराष्ट्रीय

भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने पूर्व जज को भेजा कानूनी नोटिस, 5 करोड़ मांगने के आरोप पर 24 घंटे में जवाब मांगा

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने एक गंभीर आरोप को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के पूर्व रिटायर्ड जज रंजीत सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है। आरोप लगाया गया था कि दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए डॉ. गुरप्रीत कौर ने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। आम आदमी पार्टी (आप) के सूत्रों के मुताबिक, डॉ. गुरप्रीत कौर ने नोटिस के जरिए पूर्व जज से 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है। जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

NHRC ने पंजाब सरकार और DGP को भेजा नोटिस

यह मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के संज्ञान में आने के बाद सामने आया। आयोग ने इस संबंध में पंजाब सरकार और राज्य के डीजीपी को नोटिस जारी किया है। NHRC के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक रिटायर्ड जज ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी और इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी का नाम कथित तौर पर जुड़ा है। आयोग ने पंजाब के अधिकारियों को आरोपों की जांच कर दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

विपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

मामले को लेकर विपक्ष ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान से स्पष्टीकरण की मांग की है। शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी पत्नी पर लगे आरोपों का जवाब देना चाहिए। मजीठिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनकी पत्नी पर पांच करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया गया है और NHRC ने पंजाब के मुख्य सचिव व डीजीपी से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग भी की। वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि इस तरह के आरोप क्यों लगाए गए हैं और पूरे मामले की वास्तविकता क्या है। हालांकि, डॉ. गुरप्रीत कौर पर लगाए गए आरोपों की अभी जांच होनी बाकी है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close