Main Slideराष्ट्रीय

गुजरात दौरे पर केजरीवाल-भगवंत मान, जेल में चैतर वसावा से करेंगे मुलाकात, आदिवासी वोट बैंक पर AAP की नजर

अहमदाबाद, 19 अगस्त 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों नेता डेडियापाड़ा से AAP विधायक और प्रमुख आदिवासी नेता चैतर वसावा से जेल में मुलाकात करेंगे। वसावा फिलहाल एक पुराने मामले में सजा के बाद जेल में हैं। AAP के मुताबिक, चैतर वसावा लंबे समय से आदिवासी समुदाय के अधिकार, सम्मान और कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। यही वजह है कि गुजरात के आदिवासी इलाकों में उन्होंने अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई है।

नर्मदा जिला पंचायत चुनाव में AAP की बड़ी जीत

चैतर वसावा की राजनीतिक पकड़ का असर हाल में हुए नर्मदा जिला पंचायत चुनाव में भी देखने को मिला। चुनाव में AAP ने बड़ी जीत हासिल की, जिसके बाद पार्टी में वसावा के जनाधार और उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है।  पार्टी नेतृत्व का मानना है कि आदिवासी क्षेत्रों में AAP की बढ़ती पकड़ के पीछे वसावा की सक्रिय भूमिका अहम रही है। जेल में होने के बावजूद आदिवासी समुदाय और उनके समर्थकों के बीच उनकी लोकप्रियता कायम रहने का दावा पार्टी की ओर से किया जा रहा है।

केजरीवाल-मान की मुलाकात के सियासी मायने

केजरीवाल और भगवंत मान की चैतर वसावा से प्रस्तावित मुलाकात को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुजरात में AAP आदिवासी क्षेत्रों में अपने संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में पार्टी के शीर्ष नेताओं का जेल जाकर वसावा से मिलना उनके प्रति समर्थन और भरोसे का संदेश माना जा रहा है। AAP नेताओं का कहना है कि चैतर वसावा की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और आदिवासी समुदाय के अधिकारों व कल्याण से जुड़े मुद्दों को पार्टी आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी। गुजरात दौरे के दौरान अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के अन्य राजनीतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close