फिरोजपुर में आज राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, मुख्यमंत्री भगवंत मान फहराएंगे तिरंगा

फिरोजपुर में आज राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। कैंटोनमेंट बोर्ड स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सुबह 8:58 बजे पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई है। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जांच की जा रही है। समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। मुख्य समारोह से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान हुसैनीवाला राष्ट्रीय शहीद स्मारक पहुंचेंगे और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह कैंटोनमेंट बोर्ड स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में शामिल होंगे।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री परेड का निरीक्षण करने के साथ मार्चपास्ट की सलामी लेंगे। विभिन्न विभागों की ओर से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किए जाने की भी संभावना है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।







