उत्तराखंड बना ‘पूर्ण साक्षर राज्य’, प्रह्लाद जोशी ने सीएम धामी और प्रदेशवासियों को दी बधाई

उत्तराखंड को ‘उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ घोषित किए जाने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उत्तराखंड ने यह उपलब्धि 8 जुलाई 2026 को हासिल की थी। मुख्यमंत्री धामी को भेजे बधाई पत्र में प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के नेतृत्व, प्रशासन की प्रतिबद्धता और प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर देश के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
‘उल्लास’ वयस्क शिक्षार्थियों को बना रहा सशक्त
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि समग्र शिक्षा के माध्यम से बालवाटिका से लेकर कक्षा 12 तक स्कूली शिक्षा को मजबूत किया जा रहा है, ताकि सभी बच्चों को शिक्षा की पहुंच, समानता और गुणवत्ता मिल सके। वहीं, ‘उल्लास’ कार्यक्रम उन वयस्कों को शिक्षा से जोड़ने का काम करता है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत वयस्क शिक्षार्थियों को आधारभूत साक्षरता के साथ जीवन कौशल और डिजिटल दक्षता भी प्रदान की जा रही है। प्रह्लाद जोशी ने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड की यह उपलब्धि अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
सीएम धामी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड का ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ बनना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य सरकार, शिक्षा विभाग, अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और प्रदेशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता और जनभागीदारी का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल साक्षरता हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और आजीवन सीखने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सतत शिक्षा, जीवन कौशल और व्यावसायिक प्रशिक्षण के जरिए नव-साक्षरों के सशक्तीकरण पर भी सरकार का जोर रहेगा। साथ ही, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में उत्तराखंड की भूमिका महत्वपूर्ण बनी रहेगी।







