गोरखपुर को CM योगी की बड़ी सौगात, 69.58 करोड़ की ग्रीन सिटी-माधोपुर बांध सड़क का लोकार्पण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में एक महीने के भीतर सड़क से जुड़ी तीसरी बड़ी परियोजना का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्रीन सिटी-माधोपुर बांध सड़क को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि अब बदलता हुआ गोरखपुर साफ दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सड़क का फीता काटकर लोकार्पण किया और कुछ दूरी तक पैदल चलकर सड़क का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में मौजूद हाथी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
नेपाल और कई शहरों की ओर जाने वालों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन सिटी-माधोपुर बांध सड़क सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए बड़ी सुविधा नहीं है, बल्कि इससे नेपाल, लखनऊ, वाराणसी, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर की ओर जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। इस सड़क के जरिए इन क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को गोरखपुर शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों से होकर गुजरने की जरूरत कम होगी। इससे शहर में यातायात का दबाव घटने की उम्मीद है।
69.58 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क
करीब 1.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (सोनौली-नौतनवां-गोरखपुर) से निकलकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बांध तक जाती है। सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-दो की ओर से कराया गया है। सड़क के चौड़ीकरण से ग्रीन सिटी और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
जलनिकासी के लिए दोनों तरफ ड्रेन
परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर जलनिकासी के लिए ड्रेन का भी निर्माण कराया गया है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होने और सड़क की मजबूती बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर में लगातार हो रहे विकास कार्यों से शहर की तस्वीर बदल रही है और नई सड़क परियोजनाएं लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी के साथ-साथ सुगम यातायात का रास्ता तैयार कर रही हैं।







