अतीक के बेटे अबान को पिता की कब्र के पास किया गया सुपुर्द-ए-खाक, एक-दूसरे से लिपटकर रोए उमर, अली और एहजम

प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अबान की कब्र उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में बनाई गई है। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के लोग मौजूद रहे। इसी बीच जनाजे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें अतीक के तीनों बेटे उमर, अली और एहजम एक-दूसरे से गले लगकर रोते नजर आ रहे हैं।
छोटे भाई को अंतिम विदाई देते वक्त छलके आंसू
अबान के जनाजे के दौरान उमर और अली ने अपने छोटे भाई को कंधा दिया। इस दौरान दोनों के चेहरों पर गहरा दुख नजर आया। सामने आए वीडियो में अली कभी उमर तो कभी एहजम को संभालते दिखाई दिए। तीनों भाई एक-दूसरे से लिपटकर काफी देर तक रोते रहे।अबान को अंतिम विदाई देने के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस की मौजूदगी के बीच उमर और अली ने अपने छोटे भाई को सुपुर्द-ए-खाक किया। इसके बाद तीनों भाई अपने पिता अतीक अहमद की कब्र पर पहुंचे और भावुक हो गए। बताया जा रहा है कि उमर, अली और एहजम ने पहली बार अपने पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्रें देखीं। साल 2023 में जेल में बंद होने के कारण उमर और अली अपने पिता, चाचा और भाई के जनाजे में शामिल नहीं हो सके थे।
एक घंटे की कस्टडी में परिवार से मिले उमर और अली
अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत ने उमर और अली को परिजनों से मुलाकात के लिए एक घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। अबान को दफनाने और परिवार से मुलाकात के बाद दोनों की निर्धारित अवधि पूरी हो गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दोबारा हिरासत में ले लिया। उमर को लखनऊ जेल और अली को झांसी जेल वापस भेज दिया गया।
सड़क हादसे में हुई थी अबान की मौत
अबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, हादसा कानपुर-झांसी हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र क पास सुबह करीब 11 बजे हुआ। अबान की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में उसकी मौत हो गई।







