कनाडा में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या का खुलासा, 7 महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब सात महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गफूरी और हिमांशी खुराना के बीच ‘इंटीमेट पार्टनर रिलेशनशिप’ थी। हिमांशी दिसंबर 2025 में टोरंटो के स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से लापता हुई थीं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की थी। 20 दिसंबर की सुबह करीब 6:30 बजे उन्हें एक घर के अंदर मृत पाया गया।
आरोपी पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप
हिमांशी की मौत के बाद टोरंटो पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी अब्दुल गफूरी की तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक किए थे। करीब सात महीने की तलाश के बाद 7 अगस्त 2026 को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। टोरंटो पुलिस सर्विस के मुताबिक, फ्यूजिटिव स्क्वाड और होमिसाइड एंड मिसिंग पर्सन्स यूनिट ने आरोपी की कनाडा वापसी और गिरफ्तारी के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय किया। पुलिस ने गफूरी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है।
हिमांशी की हत्या पर भारत ने जताया था दुख
हिमांशी की हत्या के बाद टोरंटो स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने भी गहरा दुख जताया था। कॉन्सुलेट ने अपने बयान में कहा था कि एक युवा भारतीय नागरिक की हत्या से वह बेहद दुखी और स्तब्ध है। साथ ही, शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई थी। कॉन्सुलेट ने कहा था कि वह मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। हिमांशी की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस जांच में यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर हत्या की वजह क्या थी और वारदात के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।







