इस्तीफे के बाद धर्मेंद्र प्रधान की पहला रिएक्शन, बोले- ‘मैं स्ट्रीट फाइटर हूं, एसी रूम एक्टिविस्ट नहीं’

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद छोड़ने के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है। संसद परिसर में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के साथ हुई संक्षिप्त बातचीत के दौरान उन्होंने खुद को “स्ट्रीट फाइटर” बताते हुए विपक्ष पर तीखा पलटवार किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत ने संसद परिसर में मौजूद सांसदों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
जयराम रमेश की टिप्पणी पर दिया जवाब
जानकारी के मुताबिक, संसद परिसर में जयराम रमेश ने धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात के दौरान कथित तौर पर कहा, “It happens” (ऐसा होता है)। माना जा रहा है कि यह टिप्पणी हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और उनके इस्तीफे के संदर्भ में थी। इस पर धर्मेंद्र प्रधान ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “Nothing happened.” इसके बाद उन्होंने कहा, “I am a street fighter, not an AC room activist.” यानी, “कुछ नहीं हुआ। मैं सड़क पर संघर्ष करने वाला नेता हूं, एसी कमरों में बैठकर राजनीति करने वाला कार्यकर्ता नहीं।”
नई जिम्मेदारी को लेकर तेज हुई अटकलें
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके अगले दायित्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनावों वाले राज्यों में भी उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका मिलने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
संसद परिसर में हुआ आमना-सामना
सोमवार को संसद परिसर के मकर द्वार पर विपक्षी दल नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुई कार्रवाई के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी कर रही थीं। इसी दौरान धर्मेंद्र प्रधान संसद पहुंचे। उनके पहुंचते ही सत्ता पक्ष के सांसद उनका स्वागत करने आगे बढ़े। वहीं विपक्षी सांसद भी नारेबाजी करते हुए आगे आए, जिसके चलते कुछ देर के लिए दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों के बीच सुरक्षा घेरा बना दिया। इस दौरान सत्ता पक्ष के सांसदों ने धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में नारे लगाए, जबकि विपक्ष अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखे रहा।







