Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

यूपी में बारिश का कहर: कई जिलों में 8 की मौत, CM योगी ने 24 घंटे में मुआवजा देने के दिए निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में अब तक कम से कम 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी ने अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों से फील्ड में जाकर राहत कार्यों की निगरानी करने, प्रभावित परिवारों से संवाद बनाए रखने और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

बारिश से जुड़े हादसों में 8 लोगों की मौत

अधिकारियों के अनुसार, संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में लोगों की जान गई है।

  • संत कबीर नगर में खेतों में काम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई।
  • कुशीनगर में खेत की मेड़ पर खड़े 14 वर्षीय किशोर की बिजली गिरने से जान चली गई।
  • बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
  • शामली में टिन शेड की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हैं।
  • गाजियाबाद में घर के बाहर बारिश के पानी से भरे नाले में बह जाने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।

11 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना जताई है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कई स्थानों पर तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

गाजियाबाद और नोएडा में जनजीवन प्रभावित

भारी बारिश के कारण गाजियाबाद में कई इलाकों में जलभराव, लंबा ट्रैफिक जाम और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आईं। वसुंधरा सेक्टर-13 में निर्माणाधीन बेसमेंट के पास सड़क धंसने से एक कार, स्कूटर और बिजली का खंभा गड्ढे में गिर गया। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सभी बोर्डों के स्कूल बंद रखने के आदेश दिए। नोएडा में भी कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे वाहन बंद हो गए और कई जगह लंबा जाम लगा। सेक्टर-33 स्थित परिवहन विभाग का कार्यालय भी जलमग्न हो गया। वहीं प्रयागराज के सिविल लाइंस और महिला थाना परिसर में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

पशुधन को भी भारी नुकसान

मुजफ्फरनगर के भोपा क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान एक कच्चा मकान गिरने से 20 बकरियों की मौत हो गई। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी रखे हुए है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close