मानसून का कहर जारी: 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में रेड चेतावनी, यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं, सड़कें जलमग्न हो गई हैं और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। दिल्ली, गाजियाबाद और बुलंदशहर समेत कई स्थानों पर बारिश से जुड़ी घटनाओं में लोगों की मौत भी हुई है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को 18 राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में रेड अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील
आईएमडी ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है।
दिल्ली-एनसीआर में आज भी बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी दबाव उत्तर भारत की ओर सक्रिय होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। 12 जुलाई के बाद दिल्ली में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना जताई है। अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। साथ ही कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
बिहार और झारखंड में भी अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के सारण, सिवान, मुंगेर, भोजपुर, गया, सहरसा, किशनगंज, सुपौल, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और पश्चिम चंपारण समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। झारखंड के कई जिलों में भी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश में स्कूल बंद
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, सिरमौर, सोलन और शिमला में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं सिरमौर, सोलन और शिमला के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
भारी बारिश के मद्देनजर सिरमौर और सोलन जिलों में शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अरुणाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी ने अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे, लोअर दिबांग घाटी और तिरप जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, सप्ताहांत तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम में सुधार होने की संभावना है, लेकिन पूर्वी और तलहटी वाले जिलों में सोमवार तक गरज-चमक और भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी रहेगा।
इन राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, पंजाब, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु समेत देश के कम से कम 18 राज्यों में आज भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने तथा मौसम से जुड़ी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।







