राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम रघुवंशी की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची मेघालय सरकार, शुक्रवार को होगी सुनवाई

राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मेघालय हाई कोर्ट से मिली जमानत को चुनौती देते हुए मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। गुरुवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मामले का उल्लेख (मेंशन) करते हुए इसे गंभीर बताते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई शुक्रवार को तय कर दी है।
मेघालय सरकार ने जमानत पर उठाए सवाल
मेघालय सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि आरोपी सोनम रघुवंशी कथित तौर पर अपने पति राजा रघुवंशी को मेघालय लेकर गई थी, जहां उसने तीन अन्य आरोपियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की और शव को ठिकाने लगा दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले दो बार जमानत याचिका यह कहते हुए खारिज की जा चुकी थी कि आरोपी के फरार होने की आशंका है। इसके बावजूद हाई कोर्ट ने केवल इस आधार पर जमानत दे दी कि गिरफ्तारी के समय उसे ‘ग्राउंड्स ऑफ अरेस्ट’ पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराए गए थे। सरकार का तर्क है कि गिरफ्तारी दस्तावेज में केवल एक धारा का टाइपिंग संबंधी त्रुटि थी, जिसे जमानत का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।
फरार होने की आशंका का हवाला
सॉलिसिटर जनरल ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष यह भी आशंका जताई कि जमानत मिलने के बाद सोनम रघुवंशी के फरार होने की संभावना है। उन्होंने मामले की तत्काल सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि यह गंभीर आपराधिक मामला है और इसमें शीघ्र न्यायिक हस्तक्षेप आवश्यक है। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार की दलीलों पर सहमति जताते हुए मामले को शुक्रवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्णय लिया है। अब शीर्ष अदालत मेघालय हाई कोर्ट द्वारा दी गई जमानत के आदेश की वैधता पर सुनवाई करेगी।







