Main Slideराष्ट्रीय

हरियाणा : हांसी में जिम संचालक की दिनदहाड़े हत्या, हमलावरों ने 10 राउंड फायरिंग कर उतारा मौत के घाट

हरियाणा के हांसी शहर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। फव्वारा चौक के पास बुधवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने एक जिम संचालक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है, जो पिछले करीब तीन वर्षों से हांसी में जिम का संचालन कर रहे थे।

जिम के बाहर किया गया हमला

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे कपिल अपने जिम के बाहर सीढ़ियों पर युवाओं को एक्सरसाइज करा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक हमलावर ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने कैप और मास्क से अपना चेहरा ढक रखा था। बताया जा रहा है कि बाइक से उतरते ही एक हमलावर ने कपिल के नजदीक जाकर उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं।

CCTV में कैद हुई वारदात

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर जिम के बाहर कपिल पर लगातार गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।गंभीर रूप से घायल कपिल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। कपिल मूल रूप से जींद जिले के निवासी थे और पिछले कुछ वर्षों से हांसी में रहकर जिम चला रहे थे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने हाल ही में प्रेम विवाह किया था। उनकी मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग शहर में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close