Main Slideराष्ट्रीय

बिहार के बाढ़ में बड़ा नाव हादसा, गंगा में डूबी नाव, 2 की मौत, 5 लोग लापता

बिहार के बाढ़ जिले से गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बाढ़ के प्रसिद्ध उमानाथ गंगा घाट पर यात्रियों से भरी एक नाव गंगा नदी में पलटकर डूब गई। हादसे के वक्त नाव पर कुल 14 लोग सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 2 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 5 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

बीच नदी में पलटी नाव

बताया जा रहा है कि सुबह तड़के लोग उमानाथ गंगा घाट से नाव के जरिए दियारा इलाके की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव अचानक असंतुलित हो गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग गंगा नदी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से कुछ यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

प्रशासन मौके पर, राहत-बचाव अभियान जारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। बाढ़ की एसडीओ गरिमा लोहिया और एसडीपीओ रामकृष्ण पुलिस बल के साथ उमानाथ गंगा घाट पर कैंप कर रहे हैं। एनडीआरएफ और स्थानीय राहत टीमों की मदद से गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के बाद घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई है। लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन जल्द से जल्द सभी लोगों का पता लगाने की कोशिश में जुटा हुआ है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close