Main Slideराजनीति

भवानीपुर में मतगणना से पहले बवाल, TMC-BJP एजेंटों में झड़प, ममता बनर्जी बनाम शुभेंदु अधिकारी मुकाबला केंद्र में

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आज (3 मई) विधानसभा चुनाव के नतीजों का दिन है। राज्य की 294 में से 293 सीटों पर मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। साउथ 24 परगना की फलता सीट पर चुनाव रद्द होने के कारण वहां मतगणना नहीं हो रही है।

मतगणना शुरू होने से पहले ही भवानीपुर विधानसभा सीट पर विवाद सामने आ गया। सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित काउंटिंग सेंटर के बाहर TMC और BJP के एजेंटों के बीच तीखी बहस हो गई। भाजपा के एक काउंटिंग एजेंट ने आरोप लगाया कि कुछ एजेंट बिना पहचान पत्र के पहुंचे हैं, जबकि भाजपा एजेंट अपने आईडी कार्ड के साथ मौजूद थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ।

भवानीपुर इस चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में से एक है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं। दोनों नेताओं के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। 2021 में नंदीग्राम सीट से मामूली अंतर से हारने के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर उपचुनाव जीतकर मुख्यमंत्री पद बरकरार रखा था।

भाजपा को उम्मीद है कि भवानीपुर के शहरी और सामाजिक रूप से विविध मतदाता, खासकर गैर-बंगाली वोटर्स, इस बार चुनावी समीकरण बदल सकते हैं और पार्टी को बढ़त दिला सकते हैं। भवानीपुर को ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है और 2011 से यहां तृणमूल कांग्रेस का कब्जा रहा है। हालांकि, इस बार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत इस सीट की मतदाता सूची से 47,094 नाम हटाए जाने के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close