जालंधर में स्कूलों को फिर बम से उड़ाने की धमकी, सीएम भगवंत मान और केजरीवाल भी निशाने पर

पंजाब के जालंधर में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। डीपीएस स्कूल, मायर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को ईमेल के जरिए धमकी दी गई है, जिसमें इन संस्थानों को उड़ाने की बात कही गई है। धमकी भरे इस ईमेल में डॉ. B. R. Ambedkar की प्रतिमाओं को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के नेता केजरीवाल को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि यह ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया है, जिसमें बैसाखी के मौके पर बड़े हमले की योजना का जिक्र किया गया है।
इससे पहले 16 मार्च को भी जालंधर के चार प्रमुख स्कूलों एपीजे स्कूल (रामा मंडी), दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीटी वर्ल्ड पब्लिक स्कूल और कैंब्रिज को-एड स्कूल को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। उस समय भी ईमेल में बम धमाके की बात कही गई थी। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है।







