राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 65 IAS अधिकारियों के तबादले, 25 जिलों के कलेक्टर बदले

राजस्थान सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव में 25 जिलों के कलेक्टर भी शामिल हैं। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय में भी महत्वपूर्ण स्तर पर बदलाव किए गए हैं। जयपुर के कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी को मुख्यमंत्री का सचिव और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR) का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं उत्सव कौशल और अमित शर्मा को मुख्यमंत्री का संयुक्त सचिव बनाया गया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वित्त (बजट) विभाग के शासन सचिव राजन विशाल को जल जीवन मिशन का मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव संदेश नायक को जयपुर का जिला कलेक्टर बनाया गया है। बाड़मेर की कलेक्टर टीना डाबी को टोंक का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर, बाड़मेर, प्रतापगढ़, सीकर, फलोदी, बारां, बीकानेर, गंगानगर, चित्तौड़गढ़, पाली, सिरोही, बूंदी, डीडवाना-कुचामन, नागौर, करौली, दौसा, खैरथल-तिजारा, डूंगरपुर, सलूंबर, डीग और कोटपूतली-बहरोड़ सहित कई जिलों में नए कलेक्टर तैनात किए गए हैं।
अन्य अहम तबादलों में डॉ. जोगाराम को पंचायती राज विभाग में सचिव और आयुक्त के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का निदेशक बनाया गया है। कन्हैया लाल स्वामी को जोधपुर संभाग का आयुक्त, नकाते शिवप्रसाद मदन को राजस्थान ऊर्जा, विकास एवं आईटी सेवाएं का प्रबंध निदेशक और ओमप्रकाश कसेरा को जयपुर नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
नमित मेहता को आबकारी विभाग उदयपुर का आयुक्त, अरविंद पोसवाल को राजस्थान आवासन मंडल का आयुक्त, डॉ. रश्मि शर्मा को समग्र शिक्षा अभियान का निदेशक और सुरेश ओला को RIICO का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा कई अधिकारियों को विभिन्न विभागों में आयुक्त, सचिव और विशेष सचिव के पदों पर नियुक्त किया गया है।
नए जिला कलेक्टरों की सूची में संदेश नायक (जयपुर), अनुपमा जोरवाल (जैसलमेर), आलोक रंजन (जोधपुर), गौरव अग्रवाल (उदयपुर), चिन्मय गोपाल (बाड़मेर), शुभम चौधरी (प्रतापगढ़), आशीष मोदी (सीकर), अंकित कुमार सिंह (फलोदी), बालमुकुंद असावा (बारां), निशांत जैन (बीकानेर), टीना डाबी (टोंक), रवींद्र गोस्वामी (पाली), रोहिताश सिंह तोमर (सिरोही), हरफूल सिंह यादव (बूंदी), अवधेश मीणा (डीडवाना-कुचामन), देवेंद्र कुमार (नागौर), अक्षय गोदारा (करौली), सौम्या झा (दौसा), अतुल प्रकाश (खैरथल-तिजारा), देशल दान (डूंगरपुर), मोहम्मद जुनेद पीपी (सलूंबर), मयंक मनीष (डीग), अपर्णा गुप्ता (कोटपूतली-बहरोड़), अमित यादव (श्रीगंगानगर) और डॉ. मंजू (चित्तौड़गढ़) शामिल हैं। राज्य सरकार के इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







