Main Slideखेलराजनीति

लिएंडर पेस के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा तेज, बंगाल चुनाव से पहले सियासी हलचल बढ़ी

सियासी गलियारों में इस समय पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हाल ही में पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। इस दौरान पार्टी नेता सौमिक भट्टाचार्य भी मौजूद रहे, जिसके बाद उनके बीजेपी में आने की संभावनाओं को बल मिला है। गौरतलब है कि लिएंडर पेस से पहले भी कई खिलाड़ी बीजेपी का दामन थाम चुके हैं। इनमें कुछ ने चुनावी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई, जबकि कुछ को संगठन या सरकार में अहम जिम्मेदारियां मिलीं।

क्रिकेटर रविंद्र जडेजा ने साल 2024 में बीजेपी की सदस्यता ली थी। हालांकि, वह अभी किसी चुनावी पद पर नहीं हैं। वहीं, ओलंपियन निशानेबाज राज्यवर्धन सिंह राठौर बीजेपी में शामिल होकर केंद्रीय मंत्री तक पहुंचे। बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने 2020 में पार्टी ज्वाइन की थी और वह भी सक्रिय सदस्य हैं।

इसके अलावा बबीता फोगाट, कीर्ति आजाद, चेतन चौहान, केदार जाधव, एस. श्रीसंत, कल्याण चौबे, अरिंदम भट्टाचार्य और विजेंद्र सिंह जैसे कई खिलाड़ी भी बीजेपी से जुड़ चुके हैं। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू भी कभी बीजेपी में थे, हालांकि बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। वहीं रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा वर्तमान में गुजरात से बीजेपी विधायक हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि लिएंडर पेस बीजेपी में शामिल होते हैं तो इसका फायदा खासकर पश्चिम बंगाल में पार्टी को मिल सकता है। कोलकाता से जुड़ाव और उनकी लोकप्रियता के कारण शहरी और मध्यम वर्ग के वोटरों पर असर पड़ सकता है। साथ ही युवा और खेल प्रेमियों के बीच भी बीजेपी की पकड़ मजबूत हो सकती है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close