Main Slideप्रदेश

गोहाना को जिला बनाने की तैयारी तेज, सीएम नायब सैनी ने विकास योजनाओं की झड़ी लगाई

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना के समग्र विकास के लिए बड़ा रोडमैप पेश करते हुए इसे जिला बनाने की दिशा में अहम कदमों का संकेत दिया। गोहाना में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में उन्होंने खानपुर कलां को तहसील और बरोदा व फरमाणा को उप तहसील बनाने की घोषणा की, जिससे भविष्य में गोहाना को जिला बनाने का रास्ता साफ हो सके।

नई सब्जी मंडी में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं का ऐलान किया। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए गोहाना में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में कार्डियक कैथ लैब और फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की घोषणा की।

इसके साथ ही बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए नए बिजलीघर, खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम, ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बेहतर संपर्क के लिए सड़कों का निर्माण व चौड़ीकरण और किसानों के लिए सिंचाई परियोजनाओं को मजबूत करने की बात कही गई। शहर में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ड्रेन नंबर-8 को कवर कर पार्क और जॉगिंग ट्रैक बनाने की योजना भी रखी गई है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के साथ सर्विस लेन बनाने के लिए एनएचएआई को प्रस्ताव भेजने का ऐलान भी किया, जिससे बरोदा क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिल सकेगी।

इस अवसर पर 113.62 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। साथ ही गोहाना के ग्रामीण विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की गई। रैली की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री और गोहाना के विधायक डॉ. अरविंद शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि गोहाना की जनता ने पहली बार भाजपा को जिताकर इतिहास रचा है और आने वाले समय में बरोदा क्षेत्र में भी जीत सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री सैनी ने स्पष्ट किया कि गोहाना को जिला बनाने की सरकार की मंशा है, लेकिन इसके लिए जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रशासनिक ढांचे को मजबूत कर सभी शर्तें पूरी की जाएंगी, जिससे गोहाना को जिला बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close