Main Slideराष्ट्रीय

पालम में भीषण आग: चार मंजिला इमारत में हादसा, 6 की मौत, कई लोग फंसे

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से हुई और देखते ही देखते लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गईं। जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त इमारत में कुल 18 लोग मौजूद थे। कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग लगा दी, जबकि कई लोग अंदर ही फंस गए क्योंकि बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता आग की चपेट में आ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और मौके पर करीब 30 गाड़ियों को भेजा गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे आग लगने की कॉल मिली थी, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

पालम मेट्रो स्टेशन के पास गली नंबर 2 में हुई इस घटना में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close