पंचकूला में 38वें वसंत उत्सव का शुभारंभ, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया उद्घाटन

पंचकूला सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क में तीन दिवसीय 38वें वसंत उत्सव का शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 37 वर्षों में पहली बार इस उत्सव का आयोजन सूरजकुंड मेले की तर्ज पर किया जा रहा है। साथ ही रखरखाव के कारण पिछले एक वर्ष से बंद एशिया के सबसे बड़े कैक्टस गार्डन को भी आम लोगों के लिए फिर से खोल दिया गया है।
कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर, ढोल-नगाड़ों और वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने वसंत उत्सव में आयोजित फूलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कट फ्लावर, ड्राई फ्लावर और फ्रेश फ्लावर सेक्शन में फूलों की विभिन्न किस्मों में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल भी देखे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सैनी ने पंचकूला की सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि यह शहर हरियाणा का आधुनिक और सुव्यवस्थित नगर है, जहां प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और सुनियोजित विकास का अद्भुत उदाहरण देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि वसंत उत्सव संस्कृति, प्रकृति प्रेम और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है और यह पूरे प्रदेश के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है।
उन्होंने बताया कि उत्सव को आकर्षक बनाने के लिए पुष्प सज्जा, कट फ्लावर, रंगोली, चित्रकला, पॉट पेंटिंग, फेस पेंटिंग और टैटू प्रतियोगिता, पर्यावरण क्विज, मेहंदी और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और उनमें रचनात्मकता का विकास होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ऐसा देश है जहां प्रकृति ने कई ऋतुओं का वरदान दिया है और हर ऋतु अपने साथ नई ऊर्जा लेकर आती है। उन्होंने कहा कि वसंत उत्सव जीवन को नए दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा देता है और सकारात्मक परिवर्तन ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है।
पर्यावरण संरक्षण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पेड़ों के संरक्षण के लिए प्राणवायु देवता पेंशन योजना चला रही है। इस योजना के तहत 75 वर्ष से अधिक आयु के पेड़ों के रखरखाव के लिए उनके संरक्षकों को 3 हजार रुपये वार्षिक पेंशन दी जाती है। अब तक 3819 पेड़ों की पहचान कर उनके संरक्षकों को लगभग 2 करोड़ 5 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है, जबकि 1541 अतिरिक्त पेड़ों की पहचान की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में ‘ऑक्सीवन’ विकसित करने की पहल भी की गई है और अब तक 20 ऑक्सीवन स्थापित किए जा चुके हैं। इन परियोजनाओं के तहत 5 से 100 एकड़ भूमि पर पेड़ लगाए जाते हैं। पंचकूला के बीड़ घग्गर और करनाल की पुरानी बादशाही नहर क्षेत्र में भी ऑक्सीवन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जहां दुर्लभ और औषधीय गुणों वाले पेड़ लगाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण को पर्यटन और विकास से जोड़ने पर भी काम कर रही है। गुरुग्राम के अरावली क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी विकसित करने की योजना पर कार्य जारी है, जिससे वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई प्रावधान शामिल किए गए हैं। राज्य में वृक्ष आवरण बढ़ाने के लिए हरियाणा राज्य एग्रो फॉरेस्ट्री पॉलिसी लागू की जाएगी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पंचायत और सार्वजनिक भूमि पर बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। इसके अलावा करनाल के गांव हसनपुर में वन विभाग की 100 एकड़ भूमि पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से डियर पार्क बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे वसंत उत्सव को जीवन में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा के रूप में अपनाएं और पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प लें। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचकूला का यह वसंत उत्सव आने वाले वर्षों में और अधिक भव्य रूप लेगा और पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
इससे पहले पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग ने कहा कि वसंत उत्सव जैसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों और हस्तशिल्प को मंच मिलता है तथा पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान मशहूर शहनाई वादक पंडित लोकेश आनंद के निर्देशन में संगीतमयी प्रस्तुति दी गई। साथ ही ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ थीम पर विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुति भी हुई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के साथ समूह चित्र भी खिंचवाया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवी नगर, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और आम नागरिक मौजूद रहे।







