फतेहपुर में महिला ने लगाया लव जिहाद में फंसाने का आरोप, दिल्ली ले जाकर धर्म परिवर्तन का दबाव

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कथित लव जिहाद से जुड़ा एक मामला सामने आया है। पीड़िता ने हिंदू संगठन के सदस्यों के साथ थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसे बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाया गया, जहां उस पर धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव बनाया गया। इस मामले में पुलिस ने दिल्ली निवासी शहजादा और फिजा खातून नाम की महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार वह अपने पति के साथ राधानगर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर काम करती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात गंगानगर कॉलोनी की रहने वाली फिजा खातून से हुई। धीरे-धीरे फिजा उसके घर आने-जाने लगी और अपनी आर्थिक परेशानी बताकर उससे करीब 46 हजार रुपये उधार ले लिए। जब भी पीड़िता पैसे वापस मांगती, तो फिजा टालमटोल करती रहती थी।
पीड़िता का आरोप है कि 18 फरवरी को फिजा उसे घूमने के बहाने अपने साथ दिल्ली ले गई। वहां उसे शहजादा नाम के युवक के घर में ठहराया गया। महिला का कहना है कि वहां उससे कहा गया कि उसका पति ठीक से कमाई नहीं करता, इसलिए उसे शहजादा से शादी कर लेनी चाहिए और मुस्लिम धर्म अपना लेना चाहिए।
पीड़िता के मुताबिक जब उसने इसका विरोध किया तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया और फिजा व शहजादा ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। आरोप है कि दोनों ने उसे धमकी दी कि अगर वह धर्म परिवर्तन नहीं करेगी तो उसे जान से मार दिया जाएगा और किसी को पता भी नहीं चलेगा | महिला का कहना है कि 21 फरवरी को वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर वापस पहुंची और पूरी घटना अपने पति को बताई। उसने यह भी आरोप लगाया कि फिजा खातून उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रही है।
इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर फिजा खातून और दिल्ली निवासी शहजादा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं कुछ हिंदू संगठनों ने इस मामले में विदेशी फंडिंग की आशंका भी जताई है, जिसकी जांच की मांग की जा रही है।







