एक नाम, दो दावे : UPSC रिजल्ट में AIR-113 को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होने के बाद रैंक को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले AIR-301 को लेकर भ्रम की स्थिति बनी थी और अब ऑल इंडिया रैंक 113 को लेकर भी नया विवाद सामने आया है। शुरुआत में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की शिखा के बारे में खबर आई कि उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 113 हासिल की है। बताया गया कि वह एक चपरासी की बेटी हैं, जिसके बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि पर जश्न मनाया।
हालांकि बाद में दिल्ली की एक अन्य शिखा का नाम सामने आया, जिन्होंने भी 113वीं रैंक का दावा किया। सोशल मीडिया पर उनके इंटरव्यू कॉल लेटर और रोल नंबर से जुड़े दस्तावेज वायरल होने लगे। बताया गया कि दिल्ली की शिखा वर्तमान में हरियाणा में ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने ही UPSC में 113वीं रैंक हासिल की है।
इस पूरे मामले पर बुलंदशहर की शिखा ने मीडिया के सामने आकर स्पष्ट किया कि चयनित उम्मीदवार दिल्ली की शिखा हैं। उन्होंने कहा कि दोनों का नाम एक जैसा होने के कारण भ्रम की स्थिति बनी। उन्होंने बताया कि उन्होंने परिणाम की पीडीएफ में केवल नाम देखा था और रोल नंबर नहीं देखा, जो उनकी गलती थी।
गौरतलब है कि इससे पहले ऑल इंडिया रैंक 301 को लेकर भी ऐसी ही स्थिति बनी थी। दो उम्मीदवारों ने इस रैंक का दावा किया था और दोनों का नाम आकांक्षा सिंह था। बाद में स्पष्ट हुआ कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की आकांक्षा सिंह (रोल नंबर 0856794) ने 301वीं रैंक हासिल की है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के कारण सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और उम्मीदवारों को परिणाम देखते समय रोल नंबर की पुष्टि करने की सलाह दी जा रही है।







