Main Slideप्रदेश

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हरियाणा में महिला सशक्तिकरण के लिए कई नई योजनाओं की शुरुआत

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि रहे और महिला उत्थान के लिए कार्य कर रही संस्थाओं को एक-एक लाख रुपये के चेक वितरित किए।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उद्योग विभाग के माध्यम से महिला उद्यमिता मंच (डब्ल्यूईपी) का हरियाणा चैप्टर लॉन्च किया गया, जो महिलाओं को रोजगार, कौशल विकास, वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़ने में मदद करेगा।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कार्यक्रम में महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दी और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला विकास के लिए कई नई योजनाएं लागू कर रही है और समाज की तरक्की तभी संभव है जब महिलाओं को समान अवसर और सुरक्षा मिले। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत हरियाणा में लिंगानुपात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो 2014 के 800 से बढ़कर 2026 जनवरी तक 923 तक पहुंच गया है।

वर्तमान बजट में महिलाओं के कौशल विकास और उपलब्धियों को बढ़ावा देने के लिए गुरुग्राम में नारी मंडप की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों के लिए अंबाला, रोहतक, यमुनानगर और गुरुग्राम में वात्सल्य भवन बनाए जाएंगे। कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पांच करोड़ रुपये का फंड और विशाखा पोर्टल बनाया जाएगा। इसके साथ ही 1,000 आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि अन्य 1,000 केंद्रों को प्ले स्कूल में परिवर्तित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडो लक्ष्मी योजना की पांचवीं किस्त भी जारी की। इसके तहत 9 लाख 56 हजार 95 महिलाओं के खातों में 200 करोड़ 77 लाख रुपये डाले गए। यह योजना उन महिलाओं के लिए है जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक है, और सरकार इसे बढ़ाकर 1.8 लाख रुपये करने की तैयारी कर रही है। वृद्धावस्था, विधवा और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 35 लाख से अधिक लाभार्थियों को 1,137 करोड़ 84 लाख रुपये प्रदान किए गए। वहीं सभी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के 44 लाख से अधिक लाभार्थियों को कुल 1,038 करोड़ रुपये वितरित किए गए।

सैनी ने बताया कि सरकार ने कम आय वाले परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की योजना भी शुरू की है। हर घर हर गृहिणी योजना के तहत गैस रिफिल कराने वाली 6 लाख 47 हजार महिलाओं के खातों में जनवरी में 20 करोड़ 21 लाख रुपये भेजे गए, और अब तक 14 लाख 78 हजार महिलाओं को कुल 233 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महिला उद्यमिता मंच के हरियाणा चैप्टर की शुरुआत की गई। इसके तहत 16 महिला उद्यमियों को स्टार्टअप के लिए चेक प्रदान किए गए और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए तीन करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close