Main Slideप्रदेश

सोनीपत में राई खेल विश्वविद्यालय को 491 करोड़ का बजट मंजूर, विधानसभा में बढ़ते स्कूल ड्रॉपआउट पर भी सरकार ने जताई चिंता

सोनीपत जिले में प्रस्तावित राई खेल विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए हरियाणा सरकार ने 491 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। इसमें से 371 करोड़ रुपये भवन निर्माण पर और 120 करोड़ रुपये खेल अवसंरचना विकसित करने पर खर्च किए जाएंगे। सरकार ने गुरुवार को विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है, जबकि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम जारी है। परियोजना के लिए निर्माण एजेंसी को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी चल रही है।

इसी दौरान कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने स्वीकार किया कि पिछले वर्ष की तुलना में स्कूली छात्रों के बीच आठवीं और ग्यारहवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने की प्रवृत्ति बढ़ी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, आठवीं कक्षा के बाद औसतन 2.69 प्रतिशत विद्यार्थी और ग्यारहवीं के बाद 4.28 प्रतिशत विद्यार्थी स्कूल छोड़ देते हैं। ड्रॉपआउट के मामले में पंचकूला और नूंह जिले सबसे ऊपर हैं।

ग्यारहवीं के बाद सबसे ज्यादा 11.33 प्रतिशत ड्रॉपआउट दर पंचकूला में दर्ज की गई है, जबकि आठवीं के बाद 12.84 प्रतिशत के साथ नूंह जिले में यह दर सबसे अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, आठवीं के बाद ड्रॉपआउट दर वर्ष 2024-25 में 1.92 प्रतिशत थी, जो 2025-26 में बढ़कर 2.69 प्रतिशत हो गई है। इसी तरह ग्यारहवीं के बाद ड्रॉपआउट दर 2024-25 में 3.67 प्रतिशत थी, जो 2025-26 में बढ़कर 4.28 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और ड्रॉपआउट को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पहली से 12वीं कक्षा तक सभी विद्यार्थियों को एमआईएस पोर्टल के माध्यम से ट्रैक किया जाता है और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close