भगवंत मान सरकार का महिला सशक्तिकरण अभियान, 14,100 महिला उद्यमियों को मिलेगा सम्मान

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 18 मार्च को व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सरकार विधानसभा क्षेत्रों, जिला स्तर और राज्य स्तर पर कुल 14,100 महिला उद्यमियों को सम्मानित करेगी।
समारोह के दौरान 100 शीर्ष महिला उद्यमियों को विशेष रूप से 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। सरकार का कहना है कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि वर्ष 2022 के बाद से स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय और संस्थागत स्तर पर मजबूत किया गया है। राज्य में स्वयं सहायता समूहों का विस्तार किया गया है और उनके लिए वित्त पोषण में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि स्वयं सहायता समूहों की गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों की दर 18 प्रतिशत से घटकर 2.16 प्रतिशत रह गई है, जो वित्तीय अनुशासन और बेहतर प्रबंधन का संकेत है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना और उन्हें स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार का कहना है कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।







