Main Slideमनोरंजन

अनुभव सिन्हा की फिल्म ‘अस्सी’ में रेप सर्वाइवर बनीं कनी कुसरुति, बोलीं- दर्द को पूरी तरह महसूस करना संभव नहीं

मुंबई। सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में बनाने के लिए मशहूर फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा एक बार फिर गंभीर विषय लेकर आए हैं। ‘मुल्क’, ‘थप्पड़’, ‘आर्टिकल 15’ और ‘भीड़’ जैसी फिल्मों के बाद उनकी नई फिल्म ‘अस्सी’ चर्चा में है। यह फिल्म एक रेप सर्वाइवर परिमा की कहानी पर आधारित है। फिल्म में तापसी पन्नू, कुमुद मिश्रा, जीशान अयूब, मनोज पाहवा और रेवती जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे। वहीं मलयालम सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री कनी कुसरुति ने फिल्म में रेप सर्वाइवर परिमा की भूमिका निभाई है।कनी कुसरुति इससे पहले महारानी में भी नजर आ चुकी हैं। अब ‘अस्सी’ में उनके किरदार को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। हाल ही में उन्होंने न्यूज एजेंसी PTI से बातचीत में अपने रोल को लेकर खुलकर बात की।

किरदार में डूबना आसान नहीं

कनी ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि कोई भी अभिनेता किसी सर्वाइवर के दर्द को बिल्कुल वैसा ही महसूस कर सकता है। हम कोशिश करते हैं कि जितना हो सके, उस अनुभव के करीब पहुंचें। कभी-कभी लगता है कि जैसे यह हमारे साथ ही हुआ हो, क्योंकि हम उस पर यकीन कर लेते हैं। लेकिन मैं उन कलाकारों में से नहीं हूं जो पूरी तरह किरदार में डूब जाते हैं, क्योंकि ऐसा करने से वह मुझे अंदर तक प्रभावित कर सकता है।”

बचपन से महसूस किया ट्रॉमा

अभिनेत्री ने आगे कहा कि एक महिला के तौर पर देश में बड़े होने के दौरान उन्होंने ऐसे ट्रॉमा को करीब से महसूस किया है। “मेरे कुछ बेहद करीबी लोग ऐसे हमलों का शिकार हुए हैं। इसलिए यह अनुभव आपके साथ जुड़ा रहता है, चाहे आप चाहें या नहीं। इंसाफ पाने की प्रक्रिया में आपको बार-बार उसी दर्द से गुजरना पड़ता है। सिस्टम की यह एक विडंबना है कि न्याय पाने के लिए उस घटना को भुलाया नहीं जा सकता,” उन्होंने कहा।फिल्म में भी एक संवाद इसी भावना को दर्शाता है कि ‘वे तुम्हें यह भूलने नहीं देंगे।’ ‘अस्सी’ को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है और अनुभव सिन्हा एक बार फिर समाज के संवेदनशील मुद्दे को बड़े पर्दे पर गंभीरता से उठाते नजर आएंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close